पत्नी को डांस से रोकने पर दामाद की पिटाई: मुजफ्फरनगर में ससुरालियों ने लाठी-डंडों से पीटा।

 पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार।
 संवाददाता - योगेश कुमार 
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नियाजीपुरा निवासी एक युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसने अपनी पत्नी को सार्वजनिक रूप से नाचने से मना किया था जिसके बाद उसे बेरहमी से पीटा गया।पूरा मामला प्रेम विवाह से जुड़ा है। पीड़ित नदीम के अनुसार उसने करीब तीन वर्ष पूर्व सानिया नामक युवती के साथ प्रेम विवाह किया था लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी। विवाद के चलते सानिया अपने मायके में रहने लगी थी। दंपत्ति का एक तीन वर्षीय बच्चा भी है जो वर्तमान में अपनी मां के पास रह रहा है। घटनाक्रम के अनुसार बीती पच्चीस मार्च की शाम नदीम अपनी पत्नी को वापस घर लाने की नीयत से ससुराल पहुंचा था। वहां किसी कार्यक्रम के दौरान सानिया डीजे पर नाच रही थी जिसे देख नदीम ने उसे ऐसा करने से टोक दिया।नदीम का आरोप है कि पत्नी को रोकने पर ससुराल पक्ष के लोग भड़क गए और सोनू, जुबेर, जैद व सलीम ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से पीटा और वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल एक सौ बारह पर पुलिस को सूचना दी और थाने में तहरीर भी दी लेकिन आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। थक-हारकर पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय के चक्कर काटे और न्याय की गुहार लगाते हुए अपने मासूम बच्चे की अभिरक्षा दिलाने की भी मांग की है। पुलिस प्रशासन अब इस मामले की जांच में जुट गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ