अफवाहों के बीच लंबी कतारें, दो गुना दाम पर बिकने की शिकायतें।
“कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं” — उपजिलाधिकारी ने दी सख्त चेतावनी।
रिपोर्ट: अबुल कैश
निज़ामबाद/आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद क्षेत्र में गैस को लेकर फैली अफवाहों और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन सख्त हो गया है। उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने सप्लाई इंस्पेक्टर के साथ कई गैस एजेंसियों पर छापेमारी कर जांच की।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह फैल रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। दुकानों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और कुछ जगहों पर गैस सिलेंडर दो गुना दाम तक बेचने की शिकायतें सामने आई हैं। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनकी बुकिंग नहीं हो रही, जबकि कुछ को बुकिंग के बाद एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसी बीच कालाबाजारी की शिकायतों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा की गई आकस्मिक छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, हालांकि जांच के दौरान किसी बड़ी अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई।
0 टिप्पणियाँ