सीबीएसई हाईस्कूल में साक्षी यादव ने किया कमाल, 99% अंक के साथ आजमगढ़ मंडल में बनीं टॉपर।

सर्वोदय पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर उत्कृष्ट उपलब्धि देखने को मिली है। सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 के घोषित परिणाम में सर्वोदय पब्लिक स्कूल की छात्रा साक्षी यादव ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आजमगढ़ मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है।
इस गौरवपूर्ण सफलता के उपलक्ष्य में 28 अप्रैल 2026 को सर्वोदय पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टोंस रियलिटी के डायरेक्टर अजय यादव रहे, जिनका विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर लव यादव को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अजय यादव ने साक्षी यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टैबलेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं लव यादव ने रिया यादव, प्रियांश यादव और हर्षित यादव को 5100 रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के अन्य मेधावी छात्रों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और प्रेरणा का माहौल बना।
अपने संबोधन में अजय यादव ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतरता से किया गया प्रयास हमेशा सफलता दिलाता है और व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।
यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ