आजमगढ़ में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत, जागरूकता रैली को परीक्षित खटाना ने दिखाई हरी झंडी।

स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने निकली रैली, 1 से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान।
आजमगढ़। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत 1 अप्रैल 2026 से जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई। इसी क्रम में विकास भवन से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नर्सिंग छात्राओं के नेतृत्व में निकली इस रैली में प्रतिभागियों ने “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों—जीजीआईसी स्कूल, रैदोपुर, काली जी का चौराहा और एलवल होते हुए महिला चिकित्सालय पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान यातायात पुलिस ने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रैली के साथ-साथ प्रचार-प्रसार वाहन, एंबुलेंस सेवा और नगरपालिका का कूड़ा वाहन भी शामिल रहा, जिससे स्वच्छता और रोगों की रोकथाम के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया गया। इस अवसर पर परीक्षित खटाना ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों से बचाव एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि यह अभियान विभिन्न विभागों के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। नगर निकाय द्वारा साफ-सफाई और फॉगिंग, पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण स्वच्छता, शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में जागरूकता तथा बाल विकास विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास साफ-सफाई रखें, कहीं भी जल जमाव न होने दें और यदि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ . एन . आर . वर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और दिमागी बुखार जैसी बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दे रही हैं।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ एवं वेक्टर बॉर्न डिजीज नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अब्दुल अजीज, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगरपालिका के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
यह अभियान 1 से 30 अप्रैल तक जिले में लगातार चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य लोगों को जागरूक कर संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ