आजमगढ़ में स्वगणना को लेकर कार्यशाला आयोजित, डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज।

7 मई से शुरू होगी स्वगणना प्रक्रिया, 10 हजार कर्मी घर-घर करेंगे सर्वे।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़ : जनपद में नगर पालिका परिषद परिसर में स्वगणना को सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को प्रक्रिया, महत्व और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशासन के अनुसार स्वगणना की प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 21 मई की रात 12 बजे तक चलेगी, जिसके बाद 22 मई से 20 जून तक जनगणना का प्रथम चरण संचालित होगा। इस दौरान लगभग 10,000 प्रगणक और सुपरवाइजर 24 चार्ज क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और आवास व मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल रूप में दर्ज करेंगे।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना, हेल्प डेस्क भी स्थापित!
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। वहीं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए सभी को इसे गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। आमजन की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां स्वगणना से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर उप जिलाधिकारी (न्यायिक) भूपाल सिंह, जनगणना प्रभारी आकाश राय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे और सभी से इस कार्य को पारदर्शिता व जिम्मेदारी के साथ पूरा करने की अपील की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ