आजमगढ़ में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में बाल अपचारी गिरफ्तार।

बारात से बहाने से ले जाकर युवक की हत्या, कब्रिस्तान में छिपाया शव।
आजमगढ़ : जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। घटना 28 अप्रैल 2026 की है, जब ग्राम नासिरूद्दीनपुर निवासी एक युवक बारात में शामिल होने गया था और संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बाद में उसका शव गांव के कब्रिस्तान में झाड़ियों के बीच बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुरानी रंजिश में रची साजिश, ईंट से वार कर ली जान।
जांच के दौरान 29 अप्रैल को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नैपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाल अपचारी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने सुनियोजित तरीके से हत्या की योजना बनाई थी। बारात के दौरान वह मृतक को पत्तल लाने के बहाने सुनसान नहर किनारे ले गया और पीछे से ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।
सबूत मिटाने की कोशिश में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा।
वारदात के बाद आरोपी ने शव को पहले नहर में छिपाया और फिर कब्रिस्तान की झाड़ियों में घसीटकर छुपा दिया। इसके बाद वह दोबारा बारात में शामिल हो गया ताकि किसी को शक न हो। इतना ही नहीं, वह खून लगे कपड़े और जूते जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कदी, मोबाइल और बाइक बरामद, आगे की कार्रवाई जारी।
पुलिस ने आरोपी के पास से ₹310 नगद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, HF Deluxe मोटरसाइकिल तथा खून से सने कपड़े और जूते बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है, वहीं इस खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की चर्चा हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ