किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र, निरहुआ का भी किया उल्लेख।
संवाददाता - राकेश गौतम
आजमगढ़। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद दौरा हुआ, जहां उन्होंने श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादन संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 3:32 बजे उतरा, जबकि शाम 4:08 बजे उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संस्थान का शुभारंभ किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों, युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास चार गोवंश हैं, उन्हें प्रति गोवंश 1500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं का तेजी से विकास हुआ है। साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार मिलने और लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी देने का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए वेटनरी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई गई और गोबर गैस प्लांट से आत्मनिर्भर बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने लोगों से सौर ऊर्जा और गोबर गैस योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
अपने संबोधन में उन्होंने हरिहरपुर गांव को कला और संगीत की भूमि बताते हुए वहां संगीत विद्यालय की स्थापना का जिक्र किया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालय, दिव्यांगजनों के लिए विशेष विद्यालय और लालगंज में 100 बेड अस्पताल की स्वीकृति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संभव हुआ है। वहीं विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूर्व सरकारों पर विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का भी जिक्र किया और बताया कि उन्होंने इस योजना की सराहना की है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ