आजमगढ़ : रौनापार पुलिस का बड़ा खुलासा, 3 बाल अपचारी हिरासत में।

मोबाइल, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद, कई वारदात कबूल।
संवाददाता - राकेश गौतम 
आजमगढ़। थाना रौनापार पुलिस ने चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि एक अन्य फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 2 अवैध तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और 5100 रुपये नगद बरामद किए हैं।
मामले की शुरुआत 5 अप्रैल 2026 को हुई, जब एक महिला ने अपनी दुकान का ताला तोड़कर सामान और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें चार बाल अपचारियों के नाम सामने आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अप्रैल की सुबह सरजू नदी पुल के पास से तीन बाल अपचारियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रौनापार, बिलरियागंज और अहरौला क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ