पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, चारधाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई।

महिला शिक्षिका समेत दो की मौके पर मौत, कई गंभीर घायल।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल।
आजमगढ़ : जनपद में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पूर्वांचल एक्सप्रेशवे पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव के पास ऑक्सीजन सिलेंडर लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में गाजीपुर जिले के जखनिया थाना क्षेत्र के अल्लीपुर मनरा गांव निवासी 48 वर्षीय शिक्षिका सुनीता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह प्राथमिक विद्यालय में तैनात थीं। वहीं भुड़कुड़ा क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव निवासी 50 वर्षीय अधिवक्ता रजनीश पांडेय ने भी दम तोड़ दिया। दोनों के निधन की खबर से उनके गांवों और परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के समय कार चला रहे अखिलानंद तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि संजय पांडेय और उनकी पत्नी रानी पांडेय भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग चारधाम यात्रा पूरी कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ