जहानागंज क्षेत्र का मामला, पीड़ित ने पुलिस पर लगाया कार खींचकर ले जाने का आरोप
संवाददाता -रामजीत आजमगढ़
आजमगढ़ : जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की कार संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। पीड़ित फिरोज अहमद ने आरोप लगाया है कि उनकी स्विफ्ट डिजायर कार को पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रैक्टर से खिंचवाकर ले जाया गया, हालांकि पुलिस इस पूरे मामले से इनकार कर रही है।
पीड़ित के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को उनका बेटा आबिद कार लेकर गाजीपुर जा रहा था। रास्ते में वीरभद्रपुर गांव के पास कार अचानक खराब हो गई, जिसके बाद वह मैकेनिक लेने चला गया। अगले दिन जब वह वापस लौटा तो कार मौके से गायब थी। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि पुलिसकर्मी ट्रैक्टर से कार को चक्रपानपुर चौकी ले गए। वहीं ट्रैक्टर चालक ने भी बयान दिया कि उसने पुलिस के कहने पर ही कार को खींचकर चौकी तक पहुंचाया था। पीड़ित ने इस मामले में उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने, कार की बरामदगी और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल कार का कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को लेकर पीड़ित परिवार में भय और चिंता का माहौल है, वहीं अब प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
0 टिप्पणियाँ