आजमगढ़ में मंडई में भीषण आग, मवेशी झुलसे और सामान जलकर राख।

रानि की सराय आजमगढ़ के अदरशपुर गांव में घटना, ग्रामीणों की मशक्कत से आग पर पाया गया काबू
आजमगढ़ : जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत अदरशपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें एक मंडई पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामेश्वर चौहान उर्फ गब्बर, जो किराना और सब्जी का व्यवसाय करते हैं, ने अपने घर के पास एक मंडई बना रखी थी, जहां मवेशियों को बांधा जाता था और दैनिक उपयोग का सामान भी रखा जाता था।
दोपहर के समय अचानक मंडई से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैलकर विकराल रूप धारण कर चुकी थी। तेज लपटों के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने बाल्टी, पानी और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग को फैलने से रोका जा सका, लेकिन तब तक मंडई में रखा भूसा, कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इस घटना में एक बंधी हुई पड़िया (बछिया) भी झुलस गई, जिससे पशु को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस आगजनी से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ