BREKING NEWS : आजमगढ़ में अंबेडकर जयंती पर श्रद्धा और सम्मान, विभिन्न स्थानों पर हुए कार्यक्रम।


मेहता पार्क व क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में साफ-सफाई, दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित। 
संवाददाता - धीरज वर्मा 
आजमगढ़। जनपद में संविधान निर्माता बी आर अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह और नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा के नेतृत्व में मेहता पार्क स्थित बाबा साहब की प्रतिमा की साफ-सफाई की गई तथा पूर्व संध्या पर दीप प्रज्वलन कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष ने कहा कि जयंती के अवसर पर पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिमाओं की सफाई, दीपोत्सव, पुष्पांजलि और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा शामिल है। साथ ही 14 अप्रैल को सभी बूथों पर जयंती मनाने, संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करने और मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया।
इसी क्रम में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में भी अंबेडकर जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यालय परिसर में बाबासाहब के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित किया और शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश दिया गया तथा सभी ने यह संकल्प लिया कि वे उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव, आरटीओ प्रशासन विष्णु दत्त मिश्र सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ