सेंट्रल पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा की सफलता पर हुआ सम्मान समारोह, शिक्षकों और परिवार ने जताया गर्व।
आजमगढ़। जनपद के सेंट्रल पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा रूचि आँचल श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त कर जनपद और विद्यालय का नाम रोशन किया है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। रूचि आँचल श्रीवास्तव, जो समीर श्रीवास्तव की पुत्री हैं और वर्तमान में आजमगढ़ में निवास करती हैं, का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां विद्यालय की चेयरपर्सन तरन्नुम खान ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रबंधक नवाज अहमद खान एवं सुमित रेखा सिंह ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. आज़ाद अहमद खान ने कहा कि इस कठिन प्रतियोगी परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने विद्यालय का मान बढ़ाया है और यह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं पहले भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होकर डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी, आयकर अधिकारी, पत्रकार और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक अनवार अहमद खान ने भी छात्रा की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मेहनत और लगन का परिणाम है। रूचि आँचल श्रीवास्तव ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी और कहा कि सफलता पाने के लिए मेहनत और धैर्य बेहद जरूरी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और विद्यालय को दिया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ