मकान निर्माण शुरू कराने के नाम पर मांगी गई थी रकम, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई।
संवाददाता -अबुल कैश
निज़ामबाद/आजमगढ़। थाना क्षेत्र में रिश्वत मांगने के आरोप में एक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दरोगा पर मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के नाम पर 15 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा था। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहां निवासी शहजाद अहमद ने क्षेत्राधिकारी सदर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि फरिहा चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक परमात्मा यादव द्वारा मकान निर्माण कार्य में सहयोग के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना निजामाबाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए आरोपी उपनिरीक्षक परमात्मा यादव को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा और कांस्टेबल कमलेश सरोज की टीम ने की। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ