आजमगढ़ में राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन, शहीदों को नमन कर सेना के शौर्य को किया याद।
आजमगढ़।ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर शुक्रवार को 99 यूपी बटालियन एनसीसी आजमगढ़ की ओर से विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर स्थित बटालियन मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में डीएवी महाविद्यालय और शिब्ली पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने बटालियन परिसर से मंडलीय चिकित्सालय और मुकेरीगंज क्षेत्र तक जागरूकता रैली निकाली। रैली में कैडेटों ने देशभक्ति से जुड़े नारे लगाकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। जगह-जगह लोगों ने भी कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।
रैली के बाद आयोजित वैचारिक गोष्ठी में ऑपरेशन सिंदूर की महत्ता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सेना के साहस, शौर्य और बलिदान की गाथाओं को साझा किया। कैडेटों को “राष्ट्र प्रथम” की भावना के महत्व से अवगत कराया गया और देश की सुरक्षा में सेना की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इसके अलावा बटालियन से जुड़े चंडेश्वर, मालटारी, मोहम्मदाबाद, तेन्दुआईकलां और चितबहाल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।