आजमगढ़ प्रथम ओलंपिक स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 का भव्य समापन, खिलाड़ियों को मिला सम्मान।

आठ दिवसीय प्रतियोगिता में 1200 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी, पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़ : जिला ओलंपिक एसोसिएशन, आजमगढ़ के तत्वावधान में आयोजित प्रथम ओलंपिक स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 का समापन उत्साह और जोश के माहौल में संपन्न हो गया। 23 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चले इस आठ दिवसीय आयोजन में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, योगासन और स्केटिंग सहित कुल आठ खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सूत्र वाक्य “खेलों की शक्ति, आजमगढ़ की प्रगति” रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहजानंद राय उपस्थित रहे, जबकि कई गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने सदन की व्यस्तता के कारण दूरभाष के माध्यम से आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संघ के सचिव अजेंद्र राय ने बताया कि इस आयोजन ने जनपद में खेलों के प्रति एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया है। वहीं संयोजक दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, प्रतियोगिता में करीब 1200 खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न खेलों के निर्णायकों ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि भविष्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के कोच, निर्णायक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिससे पूरा आयोजन खेल उत्सव में बदल गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ