आज़मगढ़ ब्रेकिंग : भूमि विवाद में महिला ने दबंगों पर लगाया कब्जे और धमकी का आरोप।

मेहनगर क्षेत्र में FIR और सुरक्षा की मांग, पीड़िता बोली- लगातार तोड़े जा रहे निर्माण और दी जा रही जान से मारने की धमकी।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। गांव निवासी चन्देई देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दबंगों पर जमीन कब्जाने, निर्माण गिराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता के अनुसार उनके घर के सामने करीब 500 वर्ग मीटर आबादी की जमीन है, जिस पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि विपक्षी पक्ष लगातार दबाव बनाकर वहां किए गए निर्माण को हटाने और तोड़फोड़ करने का प्रयास कर रहा है।
महिला ने शिकायत में बताया कि इससे पहले भी कई बार निर्माण गिराने और नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 अक्टूबर 2016 और 15 जून 2025 को भी विवाद के दौरान उनके निर्माण को क्षतिग्रस्त किया गया था। उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि विपक्षी पक्ष तीन शेड भी उठा ले गया और अब दोबारा निर्माण गिराने तथा जमीन पर कब्जा करने की धमकी दे रहा है। महिला का कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में जीवन गुजार रहा है।
चन्देई देवी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर भूमि विवाद को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
#Azamgarh #BreakingNews #LandDispute #UPNews #CrimeNews 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ