मारपीट के बाद सूरज हलवाई की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात।
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिंद्रा बाजार में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में सूरज हलवाई नामक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सूरज हलवाई की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान सूरज हलवाई को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ