आजमगढ़ : जनपद में समाजवादी पार्टी यूथ फ्रंटल संगठन के नेतृत्व में मंगलवार को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। सपा कार्यालय से बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जुलूस के रूप में निकले तथा सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन भी किया।
प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही देश में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण लगाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में परीक्षाओं की पवित्रता और पारदर्शिता प्रभावित हुई है तथा नीट पेपर लीक प्रकरण इसका बड़ा उदाहरण है, जिससे लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, छात्रों, युवाओं और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और लोकतांत्रिक तरीके से जनहित की लड़ाई जारी रखेगी।
कार्यक्रम में युवजन सभा अध्यक्ष दुर्गेश यादव, छात्र सभा अध्यक्ष कुणाल मौर्य, लोहिया वाहिनी के सूरज राजभर, यूथ ब्रिगेड के जोरार खान, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक यादव, आशीष यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ