बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश।
अबुल कैश की रिपोर्ट
निजामाबाद/आजमगढ़। आगामी पर्व बकरीद को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर निजामाबाद थाना परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधान, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार को मिलजुल कर मनाने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत स्थानों पर ही की जाएगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा कुर्बानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता एवं पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया कि कुर्बानी के अपशिष्ट मलबे को कम से कम आठ फीट गहरे गड्ढे में नमक के साथ डालकर मिट्टी से पूरी तरह ढक दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की गंदगी या संक्रमण न फैले। साथ ही किसी भी नाले अथवा सार्वजनिक स्थान पर रक्त प्रवाहित न होने देने की अपील की गई।
बैठक में बकरीद की नमाज को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि नमाज किसी सड़क, चौराहे अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अदा न की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण रहा। उपस्थित ग्राम प्रधानों, वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए बकरीद का त्योहार प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक चंद्रजीत यादव, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, रशीदगंज चौकी प्रभारी राजनारायन पाण्डेय, उपनिरीक्षक लच्छीराम राजभर, उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव, उपनिरीक्षक मयंक उपाध्याय, कांस्टेबल कृष्ण कुमार, निजामाबाद चेयरमैन अलाउद्दीन, फरिहा ग्राम प्रधान अबूबकर खान, भाजपा मीडिया प्रभारी अबुल कैश फैजी, सभासद शारिक खान, रुम्मू खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ