बहाली की मांग तेज—नारेबाजी कर चेतावनी, कार्रवाई वापस न हुई तो बच्चों का नामांकन हटाने की बात।
संवाददाता - अबुल कैश
निजामाबाद/आजमगढ़। प्राथमिक विद्यालय बेगपुर आयमा के प्रधानाध्यापक वीरेन्द्र कुमार के निलंबन की खबर सामने आते ही अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष स्कूल परिसर में जुटे और नारेबाजी करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
अभिभावकों का कहना है कि प्रधानाध्यापक के अच्छे व्यवहार और पढ़ाई के स्तर के कारण उन्होंने अपने बच्चों का नाम निजी स्कूलों से कटवाकर इस विद्यालय में दाखिला कराया था। ऐसे में उनका निलंबन समझ से परे है। मामले के अनुसार, 18 अप्रैल को एक सरकारी कार्यक्रम के चलते सफाई कर्मचारी के न आने से विद्यालय परिसर में गंदगी हो गई थी। इसी दौरान प्रधानाध्यापक और कुछ बच्चे सफाई करते दिखाई दिए, जिसका वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके आधार पर विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।
अभिभावकों ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि बच्चों से जबरन कोई काम नहीं कराया गया। बच्चों ने भी बताया कि उनसे किसी प्रकार की मजबूरी में सफाई नहीं कराई जाती है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रधानाध्यापक की बहाली नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। साथ ही यह भी कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे अपने बच्चों का नाम विद्यालय से हटाने को मजबूर होंगे और मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ