ओडीओपी व विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 150 से अधिक प्रशिक्षार्थियों को उन्नत टूलकिट वितरित।

संवाददाता -धीरज वर्मा 

आजमगढ़। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “एक जनपद एक उत्पाद” (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट वितरण योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जनपद के हस्तशिल्पियों, बुनकरों और पारंपरिक कारीगरों को उन्नत टूलकिट वितरित किए गए। यह कार्यक्रम जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, आजमगढ़ परिसर में आयोजित हुआ।आजमगढ़ : टूलकिट वितरण से कारीगरों को मिला संबल, स्वरोजगार को बढ़ावा।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षार्थियों को उनके संबंधित शिल्प और ट्रेड के अनुसार आधुनिक टूलकिट प्रदान किए गए। उपायुक्त उद्योग ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए योजनाओं की जानकारी दी और प्रशिक्षार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त टूलकिट का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू करें, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की इन योजनाओं से हस्तशिल्पियों, बुनकरों और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक और व्यावसायिक मजबूती मिल रही है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी योजनाएं रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं और आमजन के जीवन स्तर में सुधार ला रही हैं।कार्यक्रम के दौरान ओडीओपी योजना के अंतर्गत सिल्क साड़ी और ब्लैक पॉटरी से जुड़े कारीगरों सहित लगभग 50 प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। वहीं, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत नाई, बढ़ई, कुम्हार, राजमिस्त्री, मोची और लोहार जैसे विभिन्न ट्रेड के करीब 100 प्रशिक्षार्थियों को भी उन्नत टूलकिट प्रदान किए गए। अंत में उपायुक्त उद्योग ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।