आजमगढ़ : उड़ाका दल की बड़ी कार्रवाई: तीन छात्राएँ नकल करते पकड़ी गईं, रिस्टीकेट।

कुलपति के निर्देश पर सख्ती तेज, तीन महाविद्यालयों में सामूहिक नकल की रिपोर्ट; दोषियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश।
संवाददाता - राकेश गौतम 
आज़मगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान नकल के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उड़ाका दल ने बड़ी कार्रवाई की है। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर गठित नोडल टीम ने औचक निरीक्षण में तीन छात्राओं को नकल करते हुए पकड़कर उन्हें रिस्टीकेट कर दिया।
डॉ. पंकज सिंह, डॉ. शफीउज्जमा और डॉ. सुरेंद्र पांडेय की टीम ने श्री रामदवर पांडेय महाविद्यालय, लारादपुर (ओरिल) में बीए चतुर्थ सेमेस्टर हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान एक ही कक्ष में तीन छात्राओं को “श्योर सीरीज” के साथ नकल करते पकड़ा। टीम ने कक्ष के बाहर से उसी विषय की चार और श्योर सीरीज बरामद कर उन्हें सीलबंद कर विश्वविद्यालय को सौंप दिया।
इसके अलावा, तृतीय पाली में मां बबुना महाविद्यालय, बरदह में भी निरीक्षण के दौरान सामूहिक नकल का मामला सामने आया, जिसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेजी गई। वहीं, मंगलवार को बीएससी प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की बॉटनी परीक्षा के दौरान फूला देवी मंगरू सिंह महाविद्यालय में भी सामूहिक नकल की शिकायत दर्ज कराई गई। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति ने उड़ाका दल की सराहना करते हुए स्पष्ट कहा है कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी महाविद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, नकलविहीन परीक्षा कराने के संकल्प को दोहराया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ