एसीएमओ ने किया निरीक्षण, तीन माह में शत-प्रतिशत कार्ड बनाने का दिया निर्देश।
रानी की सराय,आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के रानी की सराय विकास खंड अंतर्गत आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विभिन्न गांवों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को ग्राम पंचायत लक्षीरामपुर में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयुष्मान गोल्डन कार्ड शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का संचालन चिकित्सा प्रभारी रानी की सराय डॉ. कैप्टन मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। शिविर के दौरान कुल 105 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जबकि 20 लाभार्थियों के कार्डों को आधार से लिंक कराया गया।
शिविर का निरीक्षण एसीएमओ आजमगढ़ डॉ. उमा शरण पाण्डेय एवं सीएचओ स्नेहलता राय द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. उमा शरण पाण्डेय ने कहा कि आगामी तीन माह के भीतर शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाने तथा जल्द से जल्द अपना गोल्डन कार्ड बनवाने की अपील की, ताकि जरूरत पड़ने पर योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त हो सके।
0 टिप्पणियाँ