आजमगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल, पांच उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले।

जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश, अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश।
आजमगढ़। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने पांच उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के तहत बूढ़नपुर में तैनात उपजिलाधिकारी नंदिनी शाह को लालगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नवागत अधिकारी अविनाश कुमार गौतम को मार्टिनगंज का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें मार्टिनगंज में न्यायिक कार्यों का दायित्व भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में लालगंज के उपजिलाधिकारी राज कुमार बैठा को बूढ़नपुर में उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर तैनात किया गया है। मार्टिनगंज की उपजिलाधिकारी दिव्या सिकरवार को निजामाबाद में उपजिलाधिकारी `न्यायिक, बनाया गया है। इसके अलावा मेहनगर के उपजिलाधिकारी भूपाल सिंह को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मेहनगर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती से विभिन्न तहसीलों में प्रशासनिक कार्यों की गति और निगरानी को और मजबूत किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ