99 यूपी बटालियन के दस दिवसीय कैंप का कर्नल बी.एस. डोगरा ने किया निरीक्षण, कहा— एनसीसी देश को देता है श्रेष्ठ नागरिक।
आजमगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में आयोजित 99 यूपी बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन कैडेटों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनपद की सिविल डिफेंस टीम ने साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा और अग्निशमन विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे वाराणसी ‘बी’ ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप एडम ऑफिसर कर्नल बी.एस. डोगरा ने कैंप के कोत, मेस, एमआई रूम, लिविंग एरिया, फ्लैग एरिया और रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैंप कमांडेंट, डिप्टी कैंप कमांडेंट, एएनओ, पीआई स्टाफ और कैडेटों से बातचीत कर शिविर की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
कैडेटों को संबोधित करते हुए कर्नल डोगरा ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का माध्यम है। एनसीसी का प्रशिक्षित युवा देश का श्रेष्ठ नागरिक बनता है और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान साइबर सेल से आए साइबर कॉप ओ.पी. जायसवाल, मुकेश कुमार और एसआई योगेंद्र प्रसाद ने बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं मिशन शक्ति टीम के एसआई वरुणेश मिश्रा एवं शिखा तिवारी ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला।
यातायात विभाग के टीएसआई दिलीप कुमार बिंद ने सड़क सुरक्षा नियमों एवं सुरक्षित यातायात के महत्व के बारे में कैडेटों को जागरूक किया। वहीं अग्निशमन विभाग के नीरज द्विवेदी ने आपदा प्रबंधन, आग लगने के कारणों तथा उससे बचाव के उपायों पर व्याख्यान दिया और व्यवहारिक प्रदर्शन के माध्यम से अग्निशमन तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया। इस अवसर पर सहयुक्त एनसीसी अधिकारी कैप्टन इंद्रजीत, मदन मोहन, सेकेंड ऑफिसर दिनेश मिश्रा सहित पीआई स्टाफ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ