चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी पर नियमों की अनदेखी कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। नगर पंचायत जहानागंज के कई सभासदों ने मंडलायुक्त आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत में वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। सभासदों का कहना है कि चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी की मिलीभगत से बिना बोर्ड बैठक और प्रस्ताव के नियमों के विपरीत निर्माण कार्य कराए गए तथा वित्तीय अधिकारों का मनमाने ढंग से इस्तेमाल किया गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जुलाई 2025 के बाद अप्रैल 2026 तक बोर्ड की बैठक नहीं कराई गई, जबकि इस दौरान सैकड़ों निर्माण कार्य कोटेशन के माध्यम से बिना वर्क ऑर्डर जारी किए कराए गए। सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट और मिनी हाईमास्ट लाइटों में ब्रांडेड कंपनियों के लोगो लगाए गए, लेकिन अंदर निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण नगर की अधिकांश लाइटें बंद पड़ी हैं। आउटसोर्सिंग के तहत 71 कर्मचारियों का भुगतान होने के बावजूद मौके पर लगभग 50 कर्मचारी ही कार्यरत बताए गए हैं, जबकि कुछ लोग चेयरमैन के निजी कार्यों में लगे होने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा 143 इंडिया मार्का हैंडपंप रीबोर के टेंडर में भी अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि हैंडपंप मानकों की अनदेखी कर अपने चहेतों के यहां लगाए गए हैं। सभासदों ने मंडलायुक्त से मांग की है कि उनकी उपस्थिति में किसी उच्चस्तरीय टीम से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन पर सभासद नजरे आलम, दुर्गेश यादव, रेसालत जहां, शिवचंदर राम समेत कई जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
0 टिप्पणियाँ