कटाई गांव के अन्नदाताओं ने दिया सेवा का संदेश, अनाज के साथ कपड़े और अन्य उपयोगी सामग्री भी की भेंट।
'रोज एक मुट्ठी अनाज' अभियान को मिला जनसमर्थन, वंचित परिवारों तक सहायता पहुंचाने का संकल्प।
आजमगढ़। समाज सेवा और परोपकार की भावना को साकार करते हुए पल्हना ब्लॉक के कटाई गांव के ग्रामीणों ने प्रयास अनाज बैंक के कोष में साढ़े तीन कुंतल गेहूं और चावल का योगदान देकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने साड़ियां, कपड़े, बिस्किट तथा अन्य उपयोगी सामग्री भी भेंट की, जिससे जरूरतमंद परिवारों की सहायता की जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी ओंकार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि प्रयास संस्था वर्षों से गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संस्था के सेवा कार्यों से प्रेरित होकर ग्रामीणों ने अनाज बैंक को मजबूत बनाने का संकल्प लिया है, ताकि संकट की घड़ी में किसी भी जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाई जा सके।
नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह ने अन्नदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक परिवार प्रतिदिन केवल एक मुट्ठी अनाज अलग रखकर हर माह उसका दान करे, तो समाज के वंचित वर्गों के लिए सहायता का एक मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सहयोग मिलकर बड़े सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करते हैं और यही प्रयास अनाज बैंक का मूल उद्देश्य है।
ग्रामीणों ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में डब्बू सिंह, अरुण पाठक, विनोद कुमार गुप्ता, चंद्रदेव सिंह (प्रधान पति), रविंद्र सिंह, सावित्री देवी, रुक्मणी देवी, रोशन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- संवाददाता -किशन कुमार
0 टिप्पणियाँ