भाजपा और सपा पर बरसे विश्वनाथ पाल, बोले- जनता दोनों दलों का सच देख चुकी है।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष का दावा- 2027 में 226 सीटें जीतकर बहुजन समाज पार्टी बनाएगी सरकार।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता दोनों दलों की कार्यशैली और नीतियों को देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में गुंडों और माफियाओं का बोलबाला था तथा सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जैसी घटनाओं में आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वर्तमान भाजपा सरकार में भी अपराध, शिक्षा माफियाओं की सक्रियता और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय बने हुए हैं।
विश्वनाथ पाल ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बहुजन समाज पार्टी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा 226 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
22-23 जून को होंगे दो बड़े कार्यक्रम, करीब 100 प्रभारी व संभावित प्रत्याशियों की घोषणा की तैयारी।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी आगामी 22 और 23 जून को प्रदेश स्तर के दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इन कार्यक्रमों के दौरान लगभग 100 प्रभारी एवं संभावित प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।
विश्वनाथ पाल के अनुसार संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा आगामी चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ