एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तारी नहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।
महराजगंज (आजमगढ़)।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के अक्षयवट गांव निवासी एक युवक के साथ कथित रूप से जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने और मोबाइल फोन गायब होने के मामले में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित रमेश पुत्र स्व. नन्दलाल राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह भैरव बाबा स्थान मेले में झूला संचालन का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके यहां गांव के ही सनोज कुमार कार्यरत थे। आरोप है कि 7 जून को दोपहर करीब एक बजे विपिन निषाद, सुनील निषाद एवं उनके साथ आए चार अज्ञात लोग मेले में पहुंचे और सनोज कुमार को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगे।तहरीर के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया, जिससे सनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं तथा वह मौके पर बेहोश हो गया। पीड़ित पक्ष ने घटना के दौरान मोबाइल फोन गायब होने का भी आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों का आरोप है कि घटना के एक सप्ताह बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
0 टिप्पणियाँ