निजामाबाद थाना परिसर में पेयजल सुविधा ठप, नगर पंचायत की कार्यशैली पर उठे सवाल।
संवाददाता: अबुल कैश
निजामाबाद,आजमगढ़। थाना परिसर में नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से स्थापित की गई आरओ पेयजल मशीन वर्षों से खराब पड़ी हुई है। भीषण गर्मी के बीच थाना परिसर में आने वाले फरियादियों, राहगीरों और अन्य लोगों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाई गई यह मशीन अब केवल शोपीस बनकर रह गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्यास बुझाने की उम्मीद लेकर जब लोग आरओ मशीन तक पहुंचते हैं तो उन्हें निराशा हाथ लगती है, क्योंकि मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है। इससे नगर पंचायत की कार्यशैली और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सरकार द्वारा जनता की सुविधाओं के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन नगर पंचायत की उदासीनता के कारण लोगों को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भी सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बढ़ रही है, जबकि खंभों पर लगी दर्जनों स्ट्रीट लाइटें खराब होने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई जा रही हैं।
हुसैनाबाद वार्ड, जहां नगर पंचायत अध्यक्ष का आवास भी स्थित है, वहां उनके घर से यूनियन बैंक तक लगे कई खंभों की लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगभग सभी वार्डों में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है।
लोगों का कहना है कि पूर्व अधिशासी अधिकारी प्रहलाद पाण्डेय के कार्यकाल में नियमित निरीक्षण और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता था। उनके स्थानांतरण के बाद नगर पंचायत को स्थायी अधिशासी अधिकारी नहीं मिल सका, जिसके चलते जनसमस्याओं के समाधान में लगातार लापरवाही देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से खराब पड़ी आरओ मशीन को शीघ्र चालू कराने तथा नगर पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ