आजमगढ़ : जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर बने सौरव सिंह का प्रयास संगठन ने किया सम्मान।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता पर किया गया अभिनंदन, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत।
आजमगढ़। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर नियुक्त हुए सौरव सिंह का मंगलवार को सिविल लाइन स्थित प्रयास कार्यालय में सामाजिक संगठन "प्रयास" द्वारा भव्य सम्मान किया गया।
मूल रूप से बिलारी गांव के निवासी एवं वर्तमान में मड़या, आजमगढ़ में रहने वाले सौरव सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है। इस अवसर पर प्रयास संगठन के पदाधिकारियों ने सौरव सिंह तथा उनके पिता तेज बहादुर सिंह को अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रयास संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित एवं चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उच्च प्रशासनिक पद तक पहुंचना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सौरव सिंह की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। सम्मान समारोह में सौरव सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिव प्रसाद पाठक, संजीव राय, राणा बलवीर सिंह, इंजीनियर सुनील कुमार यादव, राजीव शर्मा, इंजीनियर अमित यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ