आजमगढ़ : घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को बनाया निशाना, आरोपी फरार, मुकदमा दर्ज।

चौकी प्रभारी फरिहा व हमराहियों पर बांका से जानलेवा हमला।
संवाददाता - अबुल कैश 
फरिहा (आजमगढ़)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया हुसैनाबाद गांव में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक द्वारा धारदार बांका से जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हमले में चौकी प्रभारी फरिहा एवं उनके हमराही पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 23 जून की रात करीब 12:13 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चकिया हुसैनाबाद निवासी आयशा पत्नी अबू ओसामा को उसका पति बांका लेकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा अपने हमराह कांस्टेबल रवि कुमार मौर्य के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचने पर अबू ओसामा पुत्र स्वर्गीय इदरीश अपनी पत्नी का धारदार बांका लेकर पीछा करता मिला। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद जब दरवाजा खुलवाया गया तो आरोपी ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए कथित रूप से बांका से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के दौरान चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा एवं उनके हमराही पुलिसकर्मी जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। इसके बावजूद पुलिस टीम मौके पर डटी रही। इसी बीच आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर निजामाबाद थाने में आरोपी अबू ओसामा के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ