पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 50 लाख की चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद, अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार।

दिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जाई जा रही थी लग्जरी एसयूवी, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहा था परिवहन; आरोपी पर दिल्ली में भी दर्ज हैं वाहन चोरी के मुकदमे।
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत तहबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सरदहां अंडरपास के पास संदिग्ध हालत में खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार की जांच की। चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तोइजम नटराज सिंह निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में बताई। जांच में पता चला कि कार का वास्तविक नंबर DL10CA0100 है, जिसे दिल्ली से चोरी किया गया था। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे मणिपुर ले जाया जा रहा था। बरामद फॉर्च्यूनर की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिल्ली के एक संगठित वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है। गिरोह चोरी की लग्जरी गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर पहुंचाता था, जहां उन्हें आगे बेच दिया जाता था। प्रत्येक वाहन की डिलीवरी के बदले उसे 30 हजार रुपये मिलते थे। आरोपी इससे पहले भी दो चोरी की गाड़ियां मणिपुर पहुंचा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर, वाहन के मूल दस्तावेज, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ तहबरपुर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ