जलभराव और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए समय रहते कराई गई सफाई, ग्रामीणों ने की सराहना।
संवाददाता-अबुल कैश
फरिहा (आजमगढ़)। आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए ग्राम पंचायत फरिहा में जलभराव और गंदगी की समस्या से ग्रामीणों को राहत दिलाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधान अबू बकर खान के निर्देश पर नालों की व्यापक सफाई कराई गई। अभियान के दौरान मजदूरों ने नालों में जमा कचरा, गाद और कीचड़ को हटाकर जल निकासी की व्यवस्था सुचारु की।
ग्राम प्रधान अबू बकर खान ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले नालों की सफाई कराना पंचायत की प्राथमिकता है, ताकि वर्षा का पानी बिना किसी बाधा के निकल सके और गांव में जलभराव, मच्छरों के प्रकोप तथा संक्रामक बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में स्वच्छता और विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
ग्रामीणों ने समय रहते कराई गई नाले की सफाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी। ग्राम पंचायत प्रशासन ने भी ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने तथा नालों में कूड़ा-कचरा न डालने की अपील की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अबू बकर खान के अलावा रुम्मू खान, कमलेश यादव (बीडीसी), प्रमेश यादव, विवेक कुमार, दानिश कुरैशी, फजलुर्रहमान उर्फ राजू, अफरोज अहमद, माजिद खान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ