आजादी के बाद पहली बार मोहल्ले तक पहुंची गाड़ी, 450 मीटर खड़ंजा निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान।

सुराई ग्राम प्रधान विनोद कुमार की पहल से उत्तर बस्ती में सुगम हुआ आवागमन, ग्रामीणों ने जताया आभार।
संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़। रानी की सराय विकासखंड के सुराई गांव की उत्तर बस्ती में आजादी के बाद पहली बार चार पहिया और दो पहिया वाहन सीधे मोहल्ले तक पहुंचने लगे हैं। वर्षों से सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बीमारी, शादी-विवाह और अन्य आवश्यक कार्यों के दौरान लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने लगभग 450 मीटर खड़ंजा निर्माण कार्य कराया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब वाहन सीधे मोहल्ले तक पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के इस विकास कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। उनका कहना है कि अब जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस सहित अन्य वाहन भी सीधे बस्ती तक पहुंच सकेंगे, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहित के विकास कार्य जारी रहने की उम्मीद जताई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ