विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बसपाइयों ने भरी हुंकार, संगठन की मजबूती पर दिया जोर।
गौनपुर। एक कार्यक्रम में पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बसपा कार्यकर्ता पूरी तरह से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य तेज कर दिया गया है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जय प्रकाश सिंह ने कहा, "अपने घर को कमजोर कर दूसरे के घर को मजबूत करना समझदारी नहीं है।" उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में होती है। यदि कार्यकर्ता अपने ही संगठन को कमजोर करेंगे तो इसका सीधा लाभ राजनीतिक विरोधियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से जनसंपर्क अभियान तेज करना चाहिए तथा बहुजन समाज की आवाज को मजबूती से उठाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनने तथा पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जय प्रकाश सिंह ने कहा कि बसपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन विस्तार में जुटे हैं और आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने अनुशासन, एकता और समर्पण को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने तथा विधानसभा चुनाव 2027 में पार्टी को सफलता दिलाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ