आजमगढ़ समेत कई जिलों में सक्रिय अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का खुलासा, पुलिस पर फायरिंग के बाद दबोचा गया आरोपी।
आजमगढ़। सरायमीर पुलिस ने भूत-प्रेत, जादू-टोना और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 1 जून की रात खरेवा मोड़ के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश भागने लगे और अनियंत्रित होकर गिर पड़े। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48) निवासी अलीगढ़ हाल पता लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बाजारों में अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाकर उनके परिवार पर भूत-प्रेत या संकट का भय दिखाता था और शुद्धिकरण के नाम पर गहने, नकदी व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस के मुताबिक गिरोह आजमगढ़, बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में सक्रिय रहा है तथा आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ