सरायमीर/आजमगढ़। नवनिर्माण हिंदू रक्षक फाउंडेशन की जिला इकाई आजमगढ़ के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ऐतिहासिक एवं पौराणिक महर्षि दुर्वासा धाम में किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष प्रदीप राय एवं महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष प्रतिभा राय ने किया। जन्मोत्सव के अवसर पर विधि-विधान से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इसके पश्चात जन्मदिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर खुशियां साझा की गईं तथा उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, बेहतर कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व उत्तर प्रदेश को नई दिशा देने के साथ-साथ सुशासन और राष्ट्रहित की भावना को भी मजबूत कर रहा है। उनके कार्यकाल में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री अनिल राय, प्रदेश मंत्री विनोद सिंह, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, जिला मंत्री सुनील गौड़, राजकुमार सोनी, विमलेंद्र सिंह, सुनील सोनी, महिला प्रकोष्ठ की जिला संयोजिका लक्ष्मीना सोनी, मंजू सिंह, प्रज्ञा सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रदेश की सुख-समृद्धि, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
0 टिप्पणियाँ