अभिजीत दीपके ने दी चेतावनी, 5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में होगा आंदोलन।
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी देखने को मिली। अभिजीत दीपके ने कहा कि अगले शनिवार, 13 जून को जंतर-मंतर पर फिर से प्रदर्शन किया जाएगा। CJPको शाम 5 बजे तक धरना देने की अनुमति मिली थी, हालांकि अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक करीब 3 बजे ही धरनास्थल से रवाना हो गए, जिसके बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि यदि केंद्र सरकार पांच दिनों के भीतर धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों और युवाओं की आवाज को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
अमेरिका से लौटने के बाद अभिजीत दीपके का यह पहला बड़ा जनआंदोलन माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। अब सबकी नजर केंद्र सरकार के अगले कदम पर टिकी है कि वह इस मांग पर क्या निर्णय लेती है और क्या शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर कोई कार्रवाई होती है।
आपको हमारी यह खबर कैसी लगी कमेंट करके जरूर बताए।
0 टिप्पणियाँ