आजमगढ़ : एनसीसी शिविर में अनुशासन, सद्भाव और राष्ट्रसेवा का संदेश, उत्कृष्ट कैडेट हुए सम्मानित।

 क्लोजिंग एड्रेस में कर्नल दिनेश शर्मा ने युवाओं को बताया विकसित भारत की ताकत, ड्रोन प्रशिक्षण से कैडेटों को मिली आधुनिक तकनीक की जानकारी।
आज़मगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में 99 यूपी बटालियन एनसीसी आज़मगढ़ के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-313) के नौवें दिन कैंप कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा ने अपने क्लोजिंग एड्रेस में कहा कि एनसीसी शिविर सामुदायिक एकता, सद्भाव, अनुशासन और उच्च चरित्र से युक्त युवा नागरिकों का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि दस दिनों के प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों ने रेजिमेंटल जीवन के गुणों को आत्मसात किया है, जिससे वे न केवल देश के श्रेष्ठ नागरिक बनने के लिए तैयार हुए हैं बल्कि राष्ट्रसेवा और भारतीय सेना का गौरव बढ़ाने के लिए भी मानसिक एवं शारीरिक रूप से सक्षम बने हैं। उन्होंने कहा कि उच्च मूल्यों से युक्त ऐसे युवा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। क्लोजिंग एड्रेस के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कैंप के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल जे.बी. सिंह की अध्यक्षता में 7 एयर स्क्वायड्रन वाराणसी से आए विशेषज्ञों ने कैडेटों को ड्रोन की संरचना एवं संचालन संबंधी प्रशिक्षण दिया तथा पीपीटी के माध्यम से आधुनिक ड्रोन तकनीक की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में सहयुक्त एनसीसी अधिकारी मदन मोहन पांडेय, कैप्टन इंद्रजीत, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह, सेकेंड ऑफिसर डी.के. मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ