बड़ी खबर : हैदराबाद में इबोला की आशंका को लेकर अलर्ट, गांधी अस्पताल में सूडान के दो नागरिक भर्ती।

एक मरीज का बुखार हुआ कम, दोनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार; अस्पताल में बनाया गया विशेष वार्ड।
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में इबोला संक्रमण की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सरकारी गांधी अस्पताल में सूडान के एक 20 वर्षीय छात्र को बुखार की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में निगरानी में रखे गए संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, छात्र को गुरुवार शाम एक निजी स्वास्थ्य केंद्र से गांधी अस्पताल लाया गया था। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया है और शुक्रवार सुबह तक उसका बुखार भी कम हो गया था। उसके साथ आए व्यक्ति को एहतियात के तौर पर घर में अलग रहने की सलाह दी गई है।
इससे पहले राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान सूडान के एक 35 वर्षीय नागरिक में बुखार पाया गया था। उसे भी जांच और निगरानी के लिए गांधी अस्पताल भेजा गया था। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार तक उसमें बुखार या अन्य लक्षण नहीं मिले।
दोनों मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। एहतियाती कदम के तौर पर तेलंगाना सरकार ने गांधी अस्पताल में इबोला संदिग्ध मामलों के लिए 10 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ