सादगी और ईमानदारी की मिसाल रहे वरिष्ठ सपा नेता, मंत्री पद का प्रस्ताव भी ठुकराया; आज शाम जामितुरशाद में होगा सुपुर्द-ए-खाक।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ समाजवादी नेता और आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे जनाब आलम बदी आजमी का गुरुवार को निधन हो गया। वह लगभग 92-93 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही आजमगढ़, मऊ सहित पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई। अपने सादगीपूर्ण जीवन और ईमानदार छवि के कारण वह आम जनता के बीच "लालटेन वाले विधायक" के नाम से प्रसिद्ध थे।
आलम बदी आजमी ने वर्ष 1996 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई। इसके बाद वे 13वीं, 14वीं, 16वीं, 17वीं और 18वीं विधानसभा के सदस्य चुने गए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराकर लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की थी। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्हें केवल वर्ष 2007 में एक बार हार का सामना करना पड़ा।
16 मार्च 1936 को आजमगढ़ में जन्मे आलम बदी आजमी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया था। उन्होंने अच्छी नौकरी छोड़कर समाजसेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके पास न सरकारी कार थी और न ही कोई बड़ा काफिला। वे अक्सर स्कूटर, मोटरसाइकिल या रोडवेज बस से ही यात्रा करते थे। घर की साफ-सफाई स्वयं करना और सादे वस्त्र पहनना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था, जिसने उन्हें जनता के बीच एक अलग पहचान दिलाई।
पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव ने उन्हें कई बार मंत्री बनने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए विनम्रता से इनकार कर दिया कि मंत्री बनने से वे जनता से दूर हो जाएंगे और यह अवसर किसी युवा नेता को मिलना चाहिए। शिक्षा के प्रति उनका विशेष लगाव अंतिम समय तक बना रहा। कुछ दिन पहले ही वे 76 वर्ष बाद गोरखपुर के इस्लामिया इंटर कॉलेज जाकर अपना हाईस्कूल का प्रमाणपत्र प्राप्त करने पहुंचे थे।
आलम बदी आजमी के निधन पर समाजवादी पार्टी के नेताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम लगभग 4 बजे आजमगढ़ के जामितुरशाद कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन से न केवल निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश ने एक सादगीपूर्ण, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि को खो दिया है।
0 टिप्पणियाँ