आजमगढ़ : ईमानदारी और सादगी के प्रतीक थे मरहूम आलमबदी आज़मी: सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि।

समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और आदर्शों को किया याद।
संवाददाता -धीरज वर्मा (चौक) आजमगढ़
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, आजमगढ़ में निजामाबाद विधानसभा के पूर्व विधायक मरहूम आलमबदी आज़मी की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव सहित पार्टी के विधायक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें ईमानदारी, सादगी और सिद्धांतवादी राजनीति का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने तथा संचालन समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि आलमबदी आज़मी महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलते थे तथा अन्याय का सदैव विरोध करते थे। पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव ने उन्हें आदर्श व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर सादगी और नैतिक मूल्यों का पालन किया।
पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव ने कहा कि आलमबदी आज़मी का व्यक्तित्व अत्यंत विराट था और वे अपनी स्पष्टवादिता तथा सत्यनिष्ठा के कारण अलग पहचान रखते थे। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मरहूम आलमबदी आज़मी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके आदर्शों पर चर्चा करेगी।
श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, विधायक अखिलेश यादव, विधायक बेचई सरोज, विधायक पूजा सरोज, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ