मेरठ। जनपद के रोहटा थाना क्षेत्र में बीए की एक छात्रा पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। छात्रा का सुराग न लगने से चिंतित और आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार दोपहर ग्राम प्रधान के नेतृत्व में थाने पहुंचकर भारी हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने और संदिग्ध युवक को पूछताछ के बाद छोड़ने का आरोप लगाया है। हाल ही में क्षेत्र में हुए ललिता गौतम हत्याकांड और कपसाड़ कांड के बाद इस नई घटना से ग्रामीणों में गहरी चिंता और अनहोनी का डर बना हुआ है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहटा थाना क्षेत्र के डालूपट्टी अट्टा गांव निवासी सतीश की पुत्री शगुन उर्फ आरजू, जो बीए की छात्रा है, गत 13 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकली थी। उस समय घर पर उसकी मां अकेली थीं, भाई-बहन स्कूल गए थे और पिता अपनी दुकान पर थे। दोपहर तक जब शगुन वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने तत्काल रोहटा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी न मिलने का हवाला देकर उसे छोड़ दिया। युवक को छोड़े जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गयागुरुवार को ग्राम प्रधान दीपक के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण और पीड़ित परिवार के लोग रोहटा थाने पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने संदिग्ध युवक से गहनता से पूछताछ किए बिना ही उसे छोड़ दिया। इस दौरान थाना प्रभारी और ग्रामीणों के बीच काफी तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ।रोहटा पुलिस ने छात्रा के पिता सतीश की तहरीर पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पूजा पंवार ने बताया कि पुलिस लगातार छात्रा के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सरधना आशुतोष कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि छात्रा की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस हर पहलू की बारिकी से जांच कर रही है और जल्द ही छात्रा को सकुशल तलाश लिया जाएगा
0 टिप्पणियाँ