आजमगढ़ : पवई में महिला पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किए कई वार।

दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड के बाद फिर दहला इलाका, पुलिस ने शुरू की गहन जांच।
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक महिला पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। घर में अकेली मौजूद 48 वर्षीय महिला पर अज्ञात परिस्थितियों में धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल महिला का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पवई कस्बा निवासी दुर्गावती अपने घर में अकेली थीं। देर रात उन पर किसी ने धारदार हथियार से हमला कर गर्दन और हाथ पर कई वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण तत्काल अंदर नहीं पहुंच सके। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से दरवाजा खुलवाया और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक उपलब्ध न होने पर परिजन उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि हमलावर तक पहुंचा जा सके।
मामले में घायल महिला के भाई ने एक व्यक्ति पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पवई थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पवई क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व हुए चर्चित दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी अभी तक पूरी तरह नहीं सुलझी है। ऐसे में महिला पर हुए इस जानलेवा हमले ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ