आजमगढ़ : पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से हमला, चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

दो लोग गंभीर रूप से घायल, मंडलीय चिकित्सालय रेफर; पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में शुरू की जांच।
संवाददाता -अबुल कैश 
निज़ामबाद/आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हिंसक विवाद में दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि 19 जुलाई की सुबह करीब 9:45 बजे राजमणि त्रिपाठी अपने दरवाजे पर पड़ोसी रामधनी यादव के साथ मंडई की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अमन, अर्पित, मुकेश और निशा कथित रूप से लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों के साथ पहुंचे और हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे इंद्रेशमणि भी हमले में घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमला पूर्व नियोजित था तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर संख्या 184/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ