निज़ामबाद - सहन की जमीन के विवाद में फावड़े से जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास के दो आरोपी गिरफ्तार।

निजामाबाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी किया बरामद, अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी।
संवाददाता -अबुल कैश 
निज़ामबाद/आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में सहन की जमीन के विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को रघुनाथपुर निवासी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने थाना निजामाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सहन की भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर अमन, अर्पित, मुकेश एवं निशा तिवारी ने उनके चाचा राजमणि तिवारी पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 184/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
बुधवार को उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी अर्पित तिवारी और निशा तिवारी रघुनाथपुर गेट के पास ऑटो का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को सुबह करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी अर्पित तिवारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय अर्पित तिवारी पुत्र मुकेश तिवारी तथा 48 वर्षीय निशा तिवारी पत्नी मुकेश तिवारी, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ