आजमगढ़ : एडीए की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग को लेकर इंजीनियर्स एसोसिएशन ने सौंपा छह सूत्री ज्ञापन।

भू-प्रयोग सुविधा बहाल करने, सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने और नए पोर्टल का प्रशिक्षण कराने सहित कई मांगें उठाईं।
आजमगढ़। प्रोफेशनल इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन, आजमगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को आजमगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) के सचिव को छह सूत्री मांगपत्र सौंपकर विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और तकनीकी समस्याओं के समाधान की मांग की। संगठन ने कहा कि इन सुधारों से आम जनता, अभियंताओं और आर्किटेक्ट्स को राहत मिलेगी तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ई. जगदीश प्रसाद सोनकर ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि एडीए की बंद पड़ी भू-प्रयोग सुविधा को तत्काल पुनः संचालित किया जाए। साथ ही पुराने पोर्टल पर लंबित एवं निरस्त (रिजेक्ट) फाइलों का नए पोर्टल पर समायोजन किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से जारी करने की व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि नए ऑनलाइन पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए विभागीय स्तर पर अभियंताओं एवं संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराया जाए। इसके अलावा आवासीय भवनों के नक्शा अनुमोदन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप सरल बनाया जाए, जिससे निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया तेज और सुगम हो सके।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सदस्य ई. हलीमुल्लाह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल एवं जनहितकारी बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि सुझाए गए सुधार लागू किए जाते हैं तो विकास कार्यों में तेजी आएगी और नागरिकों को अनावश्यक विलंब एवं जटिल प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ई. डी. पी. श्रीवास्तव, ई. सुनील कुमार यादव, ई. हरिकेश प्रजापति एवं ई. अमित यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। एसोसिएशन ने प्राधिकरण से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई कर संगठन को अवगत कराने की भी अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ