जातिसूचक गाली, मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, एसपी से एफआईआर दर्ज करने की मांग।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के सेखुपुर गांव के पांच अनुसूचित जाति परिवारों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश, जातिसूचक अपमान, मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, संबंधित भूमि उन्हें कृषि आवंटन के तहत मिली थी और न्यायालय के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में कब्जा भी दिलाया गया था। पीड़ितों का आरोप है कि 25 जुलाई को धान की बुआई के बाद मेड़बंदी के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे, गाली-गलौज की, जमीन छोड़ने का दबाव बनाया तथा एक व्यक्ति का मोबाइल तोड़ दिया। डायल-112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने एसपी से एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं और पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जांच का निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है।
0 टिप्पणियाँ